खेल

Kartik Oraon Football Tournament : बोले डॉ. अरुण उरांव- ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका

गुमला के मसमानो बरवाटोली पतरा मैदान में आयोजित 10वें कार्तिक उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच सह पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को हुआ. मुख्य अतिथि पूर्व आईजी डॉ. अरुण उरांव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया. डॉ. अरुण उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर देने की.

फुटबॉल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है. ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं. उन्होंने कहा कि कार्तिक उरांव के नाम पर लगातार 10 वर्षों से टूर्नामेंट का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. युवाओं को खेल के साथ शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए.

उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं. समारोह में पूर्व डीआईजी सीआरपीएफ रविन्द्र भगत, सोशल एक्टिविस्ट अरविंद उरांव, जिला परिषद सदस्य राजमुनि, रामलखन साहू, शशिकांत, बबलू समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *