गुमला

गुमला के दीप नगर में घर का ताला तोड़कर चोरी, तीन गिरफ्तार

गुमला के दीप नगर में घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी के मामले का गुमला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवर, 15 चांदी के सिक्के और मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को दीप नगर निवासी विमला मिंज के घर में चोरी हुई थी. चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान ले गये थे.

मामले में विमला मिंज के लिखित आवेदन पर 27 सितंबर को गुमला थाना में केस दर्ज किया गया था. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद और थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ायी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुहैब अंसारी (26), मो आदिल अंसारी और अजित कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपियों के पास से करीब 2.01 ग्राम की सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की कानबाली, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन, 15 चांदी के सिक्के और काले रंग का पोको मोबाइल बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, सुहैब अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. कार्रवाई में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक दिनेश कुमार, एसआई राकेश कुमार सिंह, एएसआई सबन होरो और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *