गुमला

पालकोट में 13 वर्षीय किशोरी की मौत, रेप की आशंका पर जांच तेज; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र की 13 वर्षीय किशोरी की रिम्स में इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. रिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अब पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और छात्रा से रेप हुआ या नहीं इसकी जानकारी स्पष्ट होगी. इधर, घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि गुरुवार की शाम छात्रा को अज्ञात लोग उठाकर ले गये थे, बाद में उसे घर के बाहर अचेत अवस्था में पाया गया. परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई थी. गंभीर हालत में छात्रा को पहले कोलेबिरा, फिर सिमडेगा और सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया. यहां से रिम्स रेफर किया गया, जहां शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, छात्रा के साथ घटना होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है, पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है. शनिवार को पुलिस ने मृतका के गांव पहुंचकर छात्रा की कुछ सहेलियों और पांच-छह युवकों को थाना लाकर पूछताछ की. पुलिस उसके अंतिम संपर्क और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

बसिया एसडीपीओ शिव शंकर मरांडी ने बताया कि पिता के आवेदन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. फिलहाल रेप या गैंगरेप की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मेडिकल साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *