हाथी पुल पर वाहन ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
एनएच-43 पलमाडिपा स्थित हाथी पुल के समीप रविवार दोपहर लगभग ढाई बजे एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, भरनो के पोखरा टोली निवासी विष्णुदेव उर्फ बौवा, 18 वर्ष, फुलचंद उरांव 17 वर्ष और कर्मा उरांव 17 वर्ष एक ही बाइक पर सवार होकर जींस और जूते खरीदने बेड़ो गये थे. वापस लौटने के क्रम में हाथी पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. इस दर्दनाक हादसे में विष्णुदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया. पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये गुमला भेज दिया है. घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं समाज के प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की मदद की.
