तेज रफ्तार बाइक का कहर, विकलांग वृद्ध महिला की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय विकलांग वृद्ध महिला की जान चली गयी. मृतका की पहचान गोजाबन टोली निवासी मारियाना मिंज (पति स्व. रफैल मिंज) के रूप में हुई है. मृतका के भाई सिल्वेस्टर मिंज के अनुसार मारियाना मिंज शारीरिक रूप से विकलांग थीं और पालकोट बाजार में चना बेचकर अपना जीवनयापन करती थीं.
शाम को वह रोज की तरह चना बेचकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान विलिंगबिरा रोड स्थित उनके घर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मारियाना मिंज और बाइक चालक सुकरा राम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पालकोट ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल, गुमला रेफर किया गया. सदर अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने मारियाना मिंज को मृत घोषित कर दिया. वहीं, सुरसांग निवासी बाइक चालक सुकरा राम का इलाज जारी है.
