अंडर-19 वीमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता में गुमला ने खूंटी को 4 विकेट से हराया
गुमला के शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम में जेएससीए द्वारा आयोजित इंटर डिस्टिक अंडर-19 वीमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला मुकाबला रविवार को गुमला और खूंटी के बीच हुआ. गुमला ने शानदार खेल दिखाते हुए खूंटी को चार विकेट से पराजित किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खूंटी की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाये. खूंटी की ओर से ऋषिका ने 37 गेंदों में 32 रन की पारी खेली. जबकि दिव्या कुमारी ने 24 रन बनाकर नाबाद रहीं. अंचल मुंडा ने 19 रन का योगदान दिया.
गुमला की गेंदबाजी में स्वेता कुमारी और मेघा तिर्की ने 2-2 विकेट हासिल किये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुमला की टीम ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया. टीम की ओर से सीमा कुमारी ने 26 गेंदों में 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. वहीं अंतरा कुमारी ने 20 गेंदों में नाबाद 34 रन व मेघा तिर्की ने 23 रन बनाये. गुमला की सीमा कुमारी और अंतरा कुमारी को संयुक्त रूप से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
सिमडेगा ने पलामू को 203 रनों से हराया
सिमडेगा और पलामू के बीच खेले गये मुकाबले में सिमडेगा ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पलामू को 203 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिमडेगा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. सिमडेगा के लक्ष्मी कुमारी ने 38 गेंदों में 57 रन, माही आनाया ने 30 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाये. जबकि अनाया सत्ती ने 26 गेंदों में 44 रन बनाये. पलामू की ओर से रहनुमा प्रवीण ने चार ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट हासिल की. इसके अलावा श्रेयांश सोमा और साक्षी को 1-1 विकेट मिला. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू की टीम सिमडेगा की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पायी और मात्र 10.1 ओवर में 25 रन पर ही पूरी टीम ऑल आउट हो गयी. सिमडेगा की ओर से ईशा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र एक रन देकर 4 विकेट झटके. तनिष्का और श्रेया मैती ने भी 2-2 विकेट हासिल किये. शानदार प्रदर्शन के लिए ईशा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
