तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मासूम की मौत
गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में तालाब में नहाने के दौरान डूबने से एक 6 वर्षीय मासूम बालक अंश उरांव की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से सुरसांग थाना क्षेत्र के जरजट्टा गांव का रहने वाला था और बीते 14 अप्रैल को रायडीह के केराडीह स्थित अपनी बुआ के घर मेहमानी में आया हुआ था. घटना 18 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब अंश गांव के अन्य बच्चों के साथ मवेशी चराने गया था.
इसी दौरान बच्चे केराडीह स्थित करमदोन सुकरा उरांव के तालाब में नहाने लगे, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण अंश डूब गया. साथ खेल रहे बच्चों की सूचना पर ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकाला और तत्काल गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की मां संगीता एक्का ने पुलिस को दिये बयान में इसे एक दुखद दुर्घटना बताया है. पुलिस ने शव का पंचनामा कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
