राजनीति

बिशुनपुर विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि बने बबलू

अंजुमन इस्लामिया गुमला की पहल पर बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुस्लिम प्रतिनिधि की नियुक्ति किये जाने से पूरे जिले, खासकर बिशुनपुर विस क्षेत्र के मुस्लिम समाज में खुशी का माहौल है. झारखंड सरकार के मंत्री चमरा लिंडा ने अंजुमन की मांग पर मो तनवीर आलम बबलू को विधायक प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है.

अंजुमन इस्लामिया गुमला ने इस निर्णय के लिए मंत्री चमरा लिंडा का तहेदिल से आभार जताया है. अंजुमन के पदाधिकारियों ने कहा कि गुमला जिला एक मरकज़ के रूप में गुमला, सिसई और बिशुनपुर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मुस्लिम समाज के शिक्षा, विकास, कल्याण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहा है. बताया गया कि लंबे समय से बिशुनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की शिकायत थी कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है और मुस्लिम समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है.

इस मुद्दे को लेकर अंजुमन के सदर ने मंत्री चमरा लिंडा से मुलाकात कर मांग रखी थी. मंत्री ने आश्वासन दिया था कि इस पर विचार किया जायेगा. जिसे अब पूरा कर दिया गया है. अंजुमन ने उम्मीद जतायी है कि मुस्लिम प्रतिनिधि की नियुक्ति से विशेषकर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा. साथ ही अंजुमन इस्लामिया गुमला ने जिले के सभी गांवों की अंजुमनों का भी आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और एकजुटता से ही संगठन को मजबूती मिली है और आज यह एक सशक्त एवं ऐतिहासिक अंजुमन के रूप में उभर कर सामने आया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *