गुमला

गुमला में दो घटनाओं में दो लोगों की मौत

गुमला के बसिया प्रखंड के सरिता गांव के समीप रविवार शाम करीब 5:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गयी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, डिगरी पोरहा टोली (खूंटी) निवासी रोशन टोपनो अपने दोस्त फ्रांसिस कोंगाड़ी के साथ मोटरसाइकिल से लावा गधा बाजार से वापस लौट रहा था. इसी दौरान सरिता के पास अचानक एक मवेशी के सामने आने से उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.

इस हादसे में रोशन टोपनो की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक चला रहा फ्रांसिस कोंगाड़ी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल फ्रांसिस को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये रांची, रिम्स रेफर किया गया है. जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त किसी काम से बाजार गये थे. घर वापसी के दौरान इस हादसे का शिकार हो गये. शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.

नदी में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत

गुमला सदर थाना क्षेत्र के सोसो मोड़ चौक निवासी और वर्तमान में बसिया के ओलमुंडा में रह रहे 20 वर्षीय संदीप उरांव की नदी में डूबने से मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार, संदीप पिछले दो-तीन महीनों से ओलमुंडा में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था. भीषण गर्मी से राहत पाने के लिये वह स्थानीय बच्चों के साथ पास की नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया. जब तक आसपास के लोग उसे बचाने के लिये नदी से बाहर निकालते. तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के पश्चात पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *