Ghaghra : घाघरा थाना परिसर में लगी आग, आधा दर्जन से अधिक वाहन जलकर राख
Ghaghra : गुमला के घाघरा थाना परिसर में आगलगी की घटना में आधा दर्जन से भी अधिक वाहन जलकर राख हो गये. आगलगी की इस घटना में थाना परिसर के बाउंड्री के बाहर लगी गुमटी भी जलकर राख हो गयी. घटना मंगलवार की रात की बतायी जा रही है. आग कैसे लगी. यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. लोग कई तरह के अंदेशा लग रहे हैं. बतातें चले कि थाना परिसर में जब्त वाहन परिसर में पीछे रखा हुआ था. थाना के बाउंड्री का घेराव कंटीले तारों से किया हुआ है.
आग लगने के कारण पांच पैसेंजर टेंपो, एक टाटा मैजिक व एक मालवाहक पिकअप सहित कई मोटरसाइकिल जल गया. हालांकि आग लगने के बाद पुलिस जवानों व स्थानीय लोगों ने मिलकर आग को बुझाने का प्रयास किया. लेकिन आग की लपेट इतनी तेज थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया. स्थिति बिगड़ने पर दमकल बुलाया गया. जिसके बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका. गुमटी संचालक विमल घोष ने बताया कि इस घटना से उन्हें लगभग 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. गुमटी पूरी तरह जलकर राख हो गयी.
थानेदार ने कहा
इस संबंध में थानेदार मोहन कुमार सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बाउंड्री के बाहर लोग कचरा फेंकते हैं. संभवतः किसी ने कचरे में आग लगा दिया होगा. जिससे गुमटी व थाना परिसर के अंदर रखें वाहनो में आग लग गयी. उन्होंने अंदेशा व्यक्त किया कि सामने में ही दो ट्रांसफारमर भी है. संभावना है कि उसमें शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी हो.
