Gumla : स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गया मासूम डूबा
Gumla : गुमला जिला अंतर्गत पालकोट प्रखंड मुख्यालय के हरिजन टोली में मंगलवार को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से सात वर्षीय मासूम मन नायक की मौत हो गयी. मन नायक स्थानीय राजकीय प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोली में कक्षा दूसरी का छात्र था. परिजनों ने बताया कि सुबह 11.30 बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह घर आया और अपने चार-पांच दोस्तों के साथ बस्ती के पास स्थित बाबा जी पोखरा में नहाने चला गया. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में समा गया.
जब साथियों ने शोर मचाया, तो परिजन बदहवास होकर तालाब पहुंचे और उसे पानी से निकालकर तत्काल पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. मासूम मन के पिता का निधन पहले ही हो चुका था. जिसके बाद वह अपनी मां और छोटी बहन का सहारा था. घर के इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे हरिजन टोली में मातम पसरा है. सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. एएसआइ संतोष कुमार सिंह ने कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.
