गुमला

उपाध्यक्ष  रमेश कुमार चीनी से मिलने पहुंचे सांसद, जीत की दी बधाई

लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत गुमला पहुंचे. इस दौरान उन्होंने गुमला के बड़ाइक मुहल्ला स्थित नगर परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें बुके भेंट किया और जीत की हार्दिक बधाई दी. सांसद ने उपाध्यक्ष के रूप में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनहित में बेहतर कार्य करने का भरोसा जताया. इस औपचारिक मुलाकात के दौरान सांसद भगत ने रमेश को अपने पुत्र के आगामी विवाह समारोह में शामिल होने का निमंत्रण कार्ड भी सौंपा.

बधाई संदेश के साथ-साथ इस मिलन समारोह में गंभीर राजनीतिक और प्रशासनिक विषयों पर भी व्यापक चर्चा हुई. सांसद ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए महिला आरक्षण बिल और असम-बंगाल चुनावों की रणनीतियों पर अपने विचार साझा किये. उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया. चर्चा का मुख्य केंद्र दिशा की बैठक और उसमें लिए गए निर्णयों का अनुपालन रहा.

सांसद ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि बैठकों में दिये गये निर्देशों का धरातल पर सही ढंग से पालन नहीं हो पा रहा है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों के बीच संवेदनशीलता की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही बहुत जरूरी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय ही विकास कार्यों को गति दे सकता है. इस अवसर पर संगठन के विस्तार और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और सक्रिय करने पर भी बातचीत हुई. मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा, आलोक साहू, गुलाम सरवर, अमर प्रदीप कुजूर, रफी अली सहित अन्य लोग थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *