दो छोटी बहनें तालाब में डूबी, बड़ी बहन ने हिम्मत जुटाकर सबसे छोटी बहन की बचायी जान, मंझली बहन की मौत
गुमला के सिसई प्रखंड में दो छोटी बहनें तालाब में डूब गयी. बड़ी बहन ने हिम्मत व साहस जुटाकर तालाब में छलांग लगाकर सबसे छोटी बहन की जान बचा ली. लेकिन मंझली बहन तालाब में डूब गयी और उसकी मौत हो गयी. मामला सिसई थाना क्षेत्र के मुरगू चैलीटोली गांव है. इस घटना से गांव में मातम छाया हुआ है. गांव के तालाब के गहरे पानी में डूबने से नीलांबर उरांव की 10 वर्षीय बेटी प्रीतिका कुमारी की जान चली गयी.
जानकारी के अनुसार, प्रीतिका अपनी बड़ी बहन दिव्यांशु कुमारी (15 वर्ष) और छोटी बहन स्वाती कुमारी (8 वर्ष) के साथ अपराह्न तीन बजे गांव के बगीचा में बकरी चराने गयी थी. इसी दौरान भीषण गर्मी से राहत पाने के लिये दो बहनें बजरमाड़ा तालाब में नहाने उतर गयी. गहरायी का अंदाजा नहीं होने के कारण प्रीतिका और स्वाती दोनों गहरे पानी में डूबने लगीं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बहनों को डूबता देख बड़ी बहन दिव्यांशु ने अदम्य साहस दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया. उसने आठ वर्षीय स्वाती कुमारी को तालाब से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन तब तक प्रीतिका की गहरे पानी में दम घुटने से मौत हो चुकी थी.
आनन-फानन में प्रीतिका को तालाब से निकालकर सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही गुमला पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया. पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं और मामला प्रथम दृष्टया डूबने से हुई मौत का है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
