गुमला

घाघरा के चांदनी चौक से बच्चे का अपहरण, होश आने पर भागकर बचायी जान

गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना के व्यस्ततम चांदनी चौक इलाके से शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे 10 वर्षीय बालक आरव प्रसाद उर्फ रोलिक का अपहरण कर लिया गया. आरव सिलिटियर एजुकेशनल एकेडमी में कक्षा पांचवीं का छात्र है और उसके पिता की चांदनी चौक में मोबाइल की दुकान है. घटना के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे आरव अपने एक दोस्त के घर जा रहा था, तभी पीछे से एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ा, जिसके बाद वह बेहोश हो गया. रात्रि करीब 10 बजे जब आरव को होश आया, तो उसने खुद को अंजान जगह पर पाया जहां दो-तीन लोग आपस में बातचीत कर रहे थे. मौका पाकर आरव वहां से भाग निकला और दौड़ते हुए बकसीडीपा पहुंचा.

उसने सड़क पर गुजरते कई वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन किसी ने गाड़ी नहीं रोकी. रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे घाघरा निवासी विवेक जायसवाल अपनी कार से घाघरा लौट रहे थे, तभी आरव ने उनकी गाड़ी को हाथ दिया. ड्राइवर द्वारा गाड़ी रोकने पर आरव ने घाघरा पहुंचाने की गुहार लगायी. अंधेरा होने के कारण आरव विवेक को नहीं पहचान सका, लेकिन विवेक ने उसे तुरंत पहचान लिया. जैसे ही विवेक ने उसे उसके घरेलू नाम रोलिक से पुकारा, आरव उनसे लिपटकर रोने लगा और आपबीती सुनायी. विवेक ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल आरव को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया.

परिजनों ने दर्ज करायी प्राथमिकी

घाघरा. इधर, शुक्रवार शाम सात बजे तक जब आरव घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने संभावित स्थानों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की. आरव का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने रात्रि करीब 10 बजे घाघरा थाना में लिखित सूचना देते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी. गनीमत यह रही कि समय रहते विवेक जायसवाल ने सड़क पर अकेले बच्चे को देखकर गाड़ी रुकवाई और उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गयी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *