नाराज ग्रामीणों ने श्रमदान से बनायी सड़क, चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
गुमला के जारी प्रखंड स्थित सिकरी पंचायत के लाहटोली गांव के ग्रामीणों ने वर्षों से उपेक्षित सड़क की समस्या से परेशान होकर शनिवार को श्रमदान के माध्यम से लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क को चलने लायक बनाया. ग्रामीणों ने एकजुट होकर कुदाल और फावड़े के सहारे सड़क की मरम्मत का कार्य किया. इस मौके पर अब्राहम एक्का, सुनील टोप्पो, बसील कुजूर, नोवेल लकड़ा, एब्रेतियुस मिंज, सामवेल लकड़ा एवं फाबियानुस टोप्पो ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार स्थानीय मुखिया से लेकर विधायक तक आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक किसी ने उनकी समस्या की सुध नहीं ली.
उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद गांव की ओर कोई देखने तक नहीं आता. ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही उपेक्षा के कारण गांव में बैठक कर यह निर्णय लिया गया कि अब स्वयं श्रमदान कर सड़क को चलने योग्य बनाया जाएगा। इसी निर्णय के तहत शनिवार को ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मरम्मत कार्य शुरू किया. बताया गया कि इस सड़क से रिंगनीटोली, लाहटोली, पाकरटोली, खूंटीटोली, आंवराटोली, बिरकेरा, चिरोडीह समेत दर्जनों गांवों के लगभग दस हजार की आबादी का आवागमन होता है.
इसी मार्ग से स्कूली बच्चे जारी, भिखमपुर एवं चैनपुर तक पढ़ायी के लिये साइकिल से आना-जाना करते हैं. बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़मय हो जाती है, जिससे बच्चों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी रास्ते में एक छोटी नदी पड़ती है, जहां अब तक पुल का निर्माण नहीं हुआ है. बारिश के दिनों में नदी पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाता है, जिससे लोगों का संपर्क कई बार प्रखंड मुख्यालय से टूट जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क एवं पुल का निर्माण कराया जाये अन्यथा वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे. साथ ही ग्रामीणों ने आगामी चुनाव में वोट बहिष्कार की चेतावनी भी दी है. इस श्रमदान कार्यक्रम में प्रतिमा लकड़ा, जयमनी मिंज, एमेल्दा खेस, आशा मिंज, ऐस्थेर लकड़ा, प्रेमलाल टोप्पो, अजय लकड़ा, माटिलादा लकड़ा, रोजालिया लकड़ा, सरोज टोप्पो सहित सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे.
