घरेलू हिंसा की शिकार महिला की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार
गुमला सदर थाना के डुमरला गांव से घरेलू हिंसा का मामला प्रकाश में आया है. यहां एक पति द्वारा अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी. जिससे गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका की पहचान 24 वर्षीय सरोजनी कुमारी के रूप में हुई है. जो नवीन सिंह पेट्रॉल पंप में फ्यूल देने का काम करती थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए गुमला पुलिस ने आरोपी पति संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के पिता कार्तिक उरांव व माता सुशीला देवी व मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, मारपीट की यह घटना बीते सोमवार की शाम को हुई थी. आरोपी पति संदीप उरांव की पिटाई से सरोजनी गंभीर रूप से घायल हो गयी थी.
घटना के बाद आरोपी पति ने ही उसे सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स न जाकर पति ने जशलोक अस्पताल रांची में उसे भर्ती कराया. जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मृतका के पिता कार्तिक उरांव और माता सुशीला देवी ने अपने दामाद संदीप उरांव पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है. गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया. वहीं आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. परिजनों के अनुसार संदीप अक्सर अपनी पत्नी पर बेवजह का शक करता था.
