गुमला

पति से विवाद के बाद विवाहिता ने लगायी फांसी, एक साल की मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया

गुमला जिला अंतर्गत सिसई थाना क्षेत्र के पंडरिया पहाड़ टोली गांव में बुधवार दोपहर एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान अंजली कुल्लू, पति-रोहित टोप्पो के रूप में हुई है. पुलिस ने गुरूवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है. जानकारी के अनुसार, अंजली कुल्लू का करीब एक वर्ष पूर्व रोहित टोप्पो के साथ प्रेम प्रसंग हुआ था, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे. दोनों की एक साल की एक बेटी भी है. बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था. पति रोहित टोप्पो घाघरा में रहता है, जबकि अंजली अधिकतर समय अपने मायके पंडरिया पहाड़ टोली में ही रहती थी.

परिजनों के अनुसार, बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी. घटना के समय अंजली की छोटी बहन मंईयां सम्मान योजना से संबंधित कार्य के लिए बाहर गयी हुई थी, और उसकी मां बच्ची को घुमाने घर से निकली थी. इसी दौरान घर में अकेले होने का फायदा उठाकर अंजली ने तौलिया के सहारे फंदा बनाकर अपनी जान दे दी. जब परिजन घर लौटे, तो उसे फंदे से लटका देख दंग रह गये. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इस घटना ने एक साल की मासूम बच्ची को बेसहारा कर दिया है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिये उठ गया. इस दुखद अंत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गंभीरता से छानबीन कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *