गुमला

गुमला में चोरों का आतंक, चेंबर के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल की दुकान में चोरी, शहर में दहशत

गुमला शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने अब व्यवसायियों की नींद उड़ा दी है. खासकर चेंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े पदाधिकारियों को लगातार निशाना बनाये जाने से शहर में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गयी है. ताजा मामला गुमला मेन रोड स्थित गुमला टोबैको कंपनी प्रतिष्ठान का है. जहां शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. दुकान के मालिक अशोक कुमार जायसवाल हैं, जो चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. वहीं उनके पुत्र अभिजीत जायसवाल वर्तमान में चेंबर के उपाध्यक्ष हैं. इन्ही के प्रतिष्ठान में चोरी हुई है. ऐसे में इस घटना ने व्यवसायिक जगत में हड़कंप मचा दिया है.

अशोक जायसवाल द्वारा गुमला थाना में दिये गये आवेदन के अनुसार 22 मई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का दरवाजा और कब्जा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अगले दिन सुबह करीब 11.15 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई. चोर दुकान के गल्ले में रखे नगद रुपये, जिसमें 10 और 20 रुपये के नोट व चिल्लर शामिल थे. साथ ही पीछे रखे महंगे सिगरेट के कई पैकेट चोरी कर ले गये. चोरी गये सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बतायी जा रही है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने थाना को सूचना दी. इसके बाद थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. ताकि चोरों की पहचान हो सके. यहां बता दें कि हाल के दिनों में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सचिव के घर में भी बड़ी चोरी की घटना हुई थी. जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है. इसके अलावा चेंबर के पीआरओ प्रतीक अग्रवाल का पिकअप वाहन भी चोर उड़ा ले गये थे. कई अन्य व्यापारियों के यहां भी चोरी हुई है.

व्यवसायियों में आक्रोश

लगातार हो रही घटनाओं से शहर के व्यवसायियों में आक्रोश है. चेंबर अध्यछ राजेश लोहानी की अगुवाई में चेंबर टीम ने एसडीपीओ से मिलकर चोरी पर विराम लगाते हुए घटना के उदभेदन की मांग की है. एसडीपीओ से मिलने वालों में दामोदर कसेरा, प्रणय कुमार, प्रतीक अग्रवाल, अशोक जायसवाल, दीपंक गुप्ता शामिल थे.

इधर, शांतिनगर में दिनदहाड़े ढाई लाख की चोरी

गुमला शहर के शांति नगर इलाके में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी और लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. घटना को लेकर पीड़ित अमित बाखला ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार अमित बाखला किसी काम से घर से बाहर निकला था. जबकि उनकी पत्नी मायके गयी हुई है. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. बताया गया कि घटना शुक्रवार की दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की है. जब अमित बाखला वापस घर लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ पाया. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि चोर घर से करीब 5 से 10 हजार रुपये नगद तथा लगभग दो से ढाई लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गये हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *