गुमला

गुमला में दो अलग-अलग मामले में दो लोगों की मौत

पालकोट थाना क्षेत्र के तापकारा पंचायत में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. जहां जगदीश राम के 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक नायक की बिजली की तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने दोस्तों के साथ घर की छत पर सो रहा था. तभी वह अचानक हाई वोल्टेज बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. उसके दोस्त उसे तुरंत इलाज के लिये बसिया रेफरल अस्पताल ले गये. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना रात में ही पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार को मिली. जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस बल भेजकर शव को पालकोट थाना मंगवाया. इस मामले में पुलिस अपने स्तर से युवक की मौत के कारणों की गहन छानबीन कर रही है. क्योंकि हादसे के बाद से ही मृतक के सभी दोस्त मौके से फरार हैं. थाना प्रभारी ने कहा है कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है. हालांकि, मृतक युवक के परिजनों ने अब तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है. पालकोट पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सभी आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रियायें पूरी करने के बाद उसे पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया.

अधेड़ ने की आत्महत्या

गुमला. घाघरा थाना के टोटाम्बी जतराटोली ग्राम में 40 वर्षीय रंगा उरांव ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. जानकारी के अनुसार, रंगा उरांव अत्यधिक नशे की हालत में था और वह पहले से ही मानसिक रूप से विक्षिप्त (अस्वस्थ) भी था. शुक्रवार को वह अपने घर से निकला था और काफी देर तक गांव में ही घूम रहा था. इसके बाद, घर से लगभग दो किलोमीटर दूर एक खेत के पास पेड़ से उसका शव लटका हुआ मवेशी चराने वालों ने देखा. जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी. घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे थाने ले आयी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *