गुमला

सभी धर्म के लोगों की आपसी भाईचारगी ही गुमला की पहचान है : शकुंतला उरांव

स्पोर्ट्स एकेडमी गुमला के तत्वावधान में एकेडमी के संयोजक सैय्यद जुन्नू रैन के आवास में ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में शहर के कई गणमान्यजनों, खेलप्रेमियों, व खिलाड़ियों सहित विभिन्न धर्मों के लोगों ने शामिल होकर समारोह का लुत्फ उठाया. मौके पर मुख्य अतिथि नप अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने कहा कि नप अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें पहली बार ऐसे आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि समारोह में हिंदू, मुस्लिम सिख व इसाई सभी धर्मों के लोग शामिल हुए हैं, जो गुमला की आपसी भाईचारगी व प्रेम को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि गुमला की यही पहचान है.

इस पहचान को बनाये रखें और यहां की भाईचारगी बनी रहे. विशिष्ट अतिथि नप के पूर्व उपाध्यक्ष सह झामुमो अल्पसंख्यक के जिलाध्यक्ष मोहम्मद कलीम अख्तर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम और शांति बनाये रखने का एक बहुत ही अच्छा माध्यम है. यदि सभी धर्मों के लोग इसी प्रकार मिलजुल कर त्योहारों को मनाये तो त्योहार की खुशियां भी अलग तरह की होती है और सुकुन भी मिलता है. एकेडमी के संयोजक सैय्यद जुन्नू रैन ने कहा कि वे इस तरह का आयोजन पिछले कई सालों से करते आ रहे हैं.

इस आयोजन में शहर के बुद्धिजीवियों का हमेशा सहयोग रहा है. उन्होंने कहा कि ईद मिलन समारोह केवल एक समारोह नहीं, बल्कि यहां निवास करने वाले सभी धर्मों के लोगों की आपसी भाईचारगी है. इसी तरह से समाज में सौहार्द बना रहता है. इस अवसर पर समारोह का धन्यवाद ज्ञापन फैसल आब्दीन ने किया. समारोह में आफताब आलम लाडले, शंकर नायक, दामोदर केसरा, निर्मल गोयल, कैलाश, पूर्व भाजपा अध्यक्ष शिवप्रसाद साहू, मोहम्मद करीम उर्फ कल्लू, खालिद शाह, हाजी फैयाज, अरीब आब्दीन, असर आब्दीन सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *