गुमला

अपराध पर सख्ती, महिला व बाल सुरक्षा पर विशेष फोकस, एडीजी ने चार जिलों की पुलिस को दिये निर्देश

रांची जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने मंगलवार को गुमला पहुंचे एडीजी मनोज कौशिक ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और महिला-बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये. समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में गुमला, खूंटी और लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक तथा सिमडेगा के मुख्यालय के डीएसपी शामिल हुए. करीब दो घंटे तक चली बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान दर्ज अपराधों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति और लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गयी. एडीजी ने विशेष रूप से उन मामलों पर ध्यान केंद्रित किया. जिनका निष्पादन लंबे समय से लंबित है. उन्होंने अधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया.

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एडीजी मनोज कौशिक ने कहा है कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस को और अधिक संवेदनशील एवं सक्रिय रहने की जरूरत है. उन्होंने पॉक्सो से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कानून के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिये. समीक्षा बैठक में विधि-व्यवस्था और स्पेशल क्राइम के अलावा पर्यटन स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. एडीजी ने चारों जिलों के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा है कि राज्य के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण के लिए विभिन्न जिलों में चलाये जा रहे अभियानों, पुलिसिंग व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गयी. एडीजी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया. रांची जोन की इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और महिला-बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की गंभीर पहल के रूप में देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *