युवक की हत्या कर शव को पेड़ में टांगा
गुमला के कोयनारा टोंगरीटोली निवासी 20 वर्षीय गौरव सिंह (पिता रमेश सिंह) की हत्या कर शव को पेड़ में टांग दिया गया. बताया जा रहा है कि गौरव की प्रेम प्रसंग में हत्या हुई है. मृतक सोमवार को गोवा से पैसा कमाकर अपने घर लौटा था. इसके बाद मंगलवार की सुबह को सेमरा जंगल के एक पेड़ में रस्सी के सहारे लटका हुआ शव मिला. परिजनों ने कहा है कि गौरव की प्रेम प्रसंग के विवाद में गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को पेड़ पर लटका दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को गौरव सिंह अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बघिमा में लगने वाला मेला देखने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में उसके मोबाइल पर किसी लड़की का फोन आया. फोन आने के बाद गौरव गाड़ी से उतर गया और अपने दोस्तों से कहा कि तुम लोग आगे बढ़ो, मैं खेत के रास्ते से मेला आ रहा हूं. इसके बाद रास्ते में एक-दो बार दोस्तों से उसकी फोन पर बात भी हुई. लेकिन फिर अचानक उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. दोस्तों ने सोचा कि वह उसी लड़की के साथ होगा. बघिमा मेला पहुंचने पर दोस्तों ने उसकी काफी खोजबीन भी की. लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला.
सुबह जंगल में मिला शव
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण सेमरा जंगल की तरफ गये तो उन्होंने गौरव का शव पेड़ से लटका हुआ देखा. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. मृतक के रिश्तेदार डबलू सिंह व अन्य परिजनों ने गहरी आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि यह हत्या है. प्रेम प्रसंग के कारण गला दबाकर हत्या हुई है. जिसे छुपाने के लिये शव को पेड़ से लटका दिया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगलों से जांच कर रही है. मृतक के पैकेट में मिले मोबाइल के आधार पर कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही है. ताकि सच सामने लाया जा सके.
