गुमला

बाइपास रोड पर युवक की मौत बना रहस्य, हत्या की आशंका

गुमला शहर के बाइपास रोड से शनिवार देर शाम जवाहर नगर निवासी हर्षवर्धन त्रिपाठी की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये. घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. परिजनों ने मामले में सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जतायी है. जिसके बाद पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम हर्षवर्धन को उसके दो दोस्त गंभीर हालत में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जानकारी में युवक के सिर और नाक पर हल्के चोट के निशान पाये गये हैं. लेकिन शरीर पर ऐसे गंभीर घाव नहीं मिले हैं जो किसी बड़े सड़क हादसे की ओर स्पष्ट संकेत करते हो. यही कारण है कि मौत को लेकर संदेह और गहरा गया है.

सुबह से दोस्तों के साथ था युवक

मृतक के चाचा अजीत त्रिपाठी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि हर्षवर्धन शनिवार की सुबह करीब नौ बजे परीक्षा देने के लिए रांची जाने की बात कहकर घर से निकला था. उस समय घर के बाहर उसके दोस्त कौशल साहू पेट्रोल लेकर खड़ा था. शाम के समय परिजनों को सूचना मिली कि हर्षवर्धन का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है. सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि हर्षवर्धन की मौत हो चुकी है. इसके बाद परिजनों के बीच आक्रोश और संदेह बढ़ गया.

दोस्तों के बयान में विरोधाभास

परिजनों का आरोप है कि घटना के समय हर्षवर्धन के साथ कौशल साहू और दीपक साहू मौजूद थे. जब उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली गयी तो दोनों अलग-अलग बातें बता रहे थे. इसी वजह से परिजनों को घटना पर संदेह हुआ और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. अजीत त्रिपाठी ने अपने आवेदन में कहा है कि यदि यह सड़क दुर्घटना होती तो शरीर पर गंभीर चोटों के निशान दिखायी देते, जबकि ऐसा नहीं है. उन्होंने पुलिस से दोनों युवकों की भूमिका की गहराई से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है.

अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक जांच में जुटी पुलिस

रविवार की सुबह पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और मृतक के दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस घटना के हर पहलू को खंगाल रही है. युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई और कारण है. इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस दोस्तों के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *