बंद पड़े ईट भट्ठे से युवक का शव बरामद
गुमला जिला अंतर्गत चैनपुर थाना के छतरपुर गांव स्थित एक बंद पड़े ईट भट्ठे से पुलिस ने मंगलवार की सुबह रायडीह थाना क्षेत्र के जादी गांव निवासी 35 वर्षीय अमित एक्का का शव बरामद हुई है. सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक चरवाहा छतरपुर गांव स्थित दिलीप साहू के बंद पड़े ईट भट्ठे के पास मवेशी चरा रहा था. इसी दौरान उसकी नजर भट्ठे के अंदर पड़े एक युवक के शव पर पड़ी. उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. देखते ही देखते खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गयी और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. स्थानीय मुखिया सुशील दीपक मिंज द्वारा घटना की सूचना चैनपुर थाना को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच को आगे बढ़ाया.
मोबाइल से हुई पहचान
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. मोबाइल में उपलब्ध नंबरों के आधार पर संपर्क करने पर मृतक की पहचान अमित एक्का के रूप में हुई. परिजनों के अनुसार अमित एक्का लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित था, हालांकि वह चलने-फिरने में सक्षम था और अक्सर अपनी बहन के ससुराल डुमरी क्षेत्र आता-जाता था. थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाये गये हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
