गुमला

बस किराया वृद्धि के खिलाफ डीटीओ को सौंपा ज्ञापन

गुमला में बस किराये में हुई बढ़ोतरी के विरोध में मूली पड़हा गुमला के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किराया वृद्धि में संशोधन की मांग की. प्रतिनिधियों ने कहा कि गुमला जिले के विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसों का किराया मनमाने तरीके से बढ़ा दिया गया है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. मूली पड़हा के पदाधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में सीमित वृद्धि हुई है, लेकिन बस संचालकों ने कई मार्गों पर 50 रुपये तक किराया बढ़ा दिया है.

उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर किराये का पुनर्निर्धारण कराने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि किराये में संशोधन नहीं किया गया तो जिले में आंदोलन और चक्का जाम किया जायेगा. जिला परिवहन पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आम जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बस संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर उचित समाधान निकाला जाएगा. इस दौरान राजी बेल, राजू उरांव, सोनो मिंज, गौरी किंडो, फुलमनी उरांव, पुष्पा उरांव और महावीर उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *