गुमला

संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव

गुमला के जारी उस वक्त सनसनी फैल गयी. जब 58 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के पास स्थित कर्बला टोंगरी में आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला. मृतक जारी थाना के सिकरी ग्राम निवासी 58 वर्षीय मोख्तार खान है. बताया जा रहा है कि सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे मोख्तार खान अपनी बाइक को घर के पास खड़ी कर चचेरे भाई मुस्तफा खान के घर सोने चला गया था. वहां से निकलने के बाद दोपहर करीब तीन बजे जब गांव के कुछ बच्चे कर्बला टोंगरी की तरफ आम तोड़ने गये, तो उन्होंने उसका शव पेड़ से लटका देखा. बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गयी.

गले पर मिले रस्सी के निशान

शव को देखते ही परिजनों ने उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर ले जाने लगे. लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये गुमला भेज दिया. मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक के गले पर प्लास्टिक की रस्सी का निशान मिला है. पुलिस ने घटनास्थल से रस्सी और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिये हैं. शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाने का लग रहा है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

12 हजार रुपये गायब, जांच में जुटी पुलिस

मृतक मोख्तार खान मुर्गी, खस्सी और अन्य मवेशियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था. परिजनों के मुताबिक, घटना से ठीक एक दिन पहले उसकी जेब से करीब 12 हजार रुपये गायब हो गये थे, जिसे लेकर वह काफी मानसिक तनाव और परेशानी में था. चैनपुर थाना पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *