गुमला

एकलव्य स्कूल निर्माण कार्य में बड़ा हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

गुमला के सिलम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दुमका जिले के जशपहाड़ी निवासी 38 वर्षीय मनोज देहरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मनोज विद्यालय के तीन मंजिला भवन में निर्माण कार्य कर रहे थे. इसी दौरान वे ऊंचाई से नीचे गिर गये और गंभीर रूप से घायल हो गये. सहकर्मियों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में भय और आक्रोश का माहौल है. मजदूरों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है. ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों को न तो सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध करायी गयी है और न ही अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण दिया गया है.

मजदूरों का कहना है कि कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गयी. लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. जानकारी के अनुसार विद्यालय निर्माण का कार्य मुंबई की कंपनी को आवंटित किया गया है. जबकि वास्तविक निर्माण कार्य बंगाल के ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है. ऐसे में श्रमिकों के पंजीकरण, बीमा, सुरक्षा और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. इधर, श्रम विभाग के नियमों के अनुसार कार्यस्थल पर दुर्घटना होने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को देना तथा जांच कराना भी आवश्यक है. स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *