गुमला

नेता और प्रशासन से निराश ग्रामीणों ने खुद उठाई कुदाल, शुरू किया सड़क निर्माण

गुमला जिला स्थित पालकोट प्रखंड के कुल्लूकेरा पंचायत स्थित सिंजाग गांव के ग्रामीणों ने वर्षों से उपेक्षित मुख्य सड़क की समस्या से निजात पाने के लिये स्वयं पहल करते हुए श्रमदान से सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया है. शुक्रवार को गांव के सैकड़ों महिला और पुरुषों ने एकजुट होकर करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क को सुगम बनाने के लिये श्रमदान किया. ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग सिंजाग गांव सहित आंबाटोली, उपरघाट और डांड़टोली के लोगों के लिये पालकोट प्रखंड मुख्यालय और अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है. बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिये प्रत्येक घर से 100 रुपये का चंदा एकत्र किया गया है.

गांव के महेश लोहरा ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय विधायक को सड़क निर्माण की मांग से अवगत कराया गया. विधायक ने गांव का दौरा कर सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि कालीकरण सड़क बनने का दावा किया जाता है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है. मजबूरी में ग्रामीणों को स्वयं श्रमदान कर सड़क बनानी पड़ रही है.

गांव के लोग आपसी सहयोग से घर-घर से 100-100 रुपये चंदा एकत्र कर सड़क निर्माण कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई बार गांव में कालीकरण सड़क बनने की बात कही गयी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है.
महेश लोहरा

यह गांव का एकमात्र संपर्क मार्ग है. जिससे होकर ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय और अन्य स्थानों तक आते-जाते हैं. बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि इस पर चलना भी मुश्किल हो जाता है.
गोविंद मुंडा

खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिये काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. खासकर बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है. इसी वजह से श्रमदान से सड़क बनाने में जुटे हैं.
प्रतिभा कच्छप

सड़क खराब है. गांव से बाहर आने-जाने में कठिनाई होती है. बरसात के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि सिंजाग, आंबाटोली, उपरघाट और डांड़टोली के लोगों को पालकोट प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में भारी परेशानी होती है.
अंजना उरांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *