गुमला के करौंदी गांव में बड़ी चोरी से दहशत, दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाश
गुमला शहर से सटे करौंदी में चोरी की एक बड़ी वारदात ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है. अज्ञात चोरों ने एक सुने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी राशि, बैंक से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मामले को लेकर पीड़िता प्रियंका देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि 18 जून की शाम करीब पांच बजे वह अपने पति महेश साहू के साथ किसी काम से पुराने गांव कसीरा गई हुई थीं. इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. अगले दिन सुबह करीब पांच बजे उनके भैसुर मनोज साहू ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी.
इधर सूचना मिलते ही दंपति आनन-फानन में करौंदी स्थित अपने घर पहुंचे. वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर का मुख्य दरवाजा और अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे. अलमारी और बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखे कीमती सामान समेटकर फरार हो चुके थे.
पीड़िता के अनुसार चोर लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, दो लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवर, 25 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, जरूरी कागजात और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए. चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पीड़िता प्रियंका देवी ने पुलिस से अज्ञात चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. अब देखना होगा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है.
