हाइवा की रफ्तार से देवी मंडप मंदिर ध्वस्त, चालक व खलासी फंसे, घंटों बाद सुरक्षित निकाला गया
गुमला के सिसई प्रखंड में शनिवार की सुबह अलग-अलग स्थानों पर दो हाइवा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गये. दोनों दुर्घटनाओं में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये. इस घटना में चालक और खलासी बाल-बाल बच गये. जानकारी के अनुसार पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेड़वा गांव के समीप रात करीब तीन बजे हुई. चालक को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार हाइवा सड़क के बीच स्थित देवी मंडप से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा के साथ-साथ देवी मंडप मंदिर भी पूरी तरह ध्वस्त हो गया. दुर्घटना में चालक और उपचालक गाड़ी में फंस गये. किसी प्रकार दोनों को निकाला गया. दोनों को मामूली चोटें आयी है.
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया. वहीं मंडप ध्वस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के मालिक से मंडप के पुनर्निर्माण का खर्च वहन करने की मांग को लेकर वाहन ले जाने से रोकने लगे. सूचना मिलने पर सिसई पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर थाना ले गयी.
वहीं दूसरी घटना शनिवार की सुबह करीब पांच बजे सिसई थाना गेट के समीप हुई. जहां एक हाइवा गाड़ी पानी टंकी की बाउंड्रीवॉल से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गयी. इस दुर्घटना में भी चालक और खलासी सुरक्षित बच गये. लगातार हुई दो हाइवा दुर्घटनाओं के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों मे भय का माहौल है.
