ड्यूटी से लौट रहे वन विभाग के चौकीदार की सड़क हादसे में मौत
चैनपुर वन विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत सूबेदार उरांव (56) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. विभागीय कर्मियों में भी शोक की लहर दौड़ गयी. जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के डुमरपाट राजाडेरा निवासी सूबेदार उरांव अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद रात में अपने क्वार्टर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी गंभीर थी कि वे सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गये. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया. लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचायी जा सकी. इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा वाहन की पहचान में जुटी हुई है. सूबेदार उरांव लंबे समय से वन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे. उनकी अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं विभाग के सहकर्मियों ने भी उनकी मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारी बताया. एक सामान्य ड्यूटी के बाद घर लौटने की उम्मीद लेकर निकले सूबेदार उरांव को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा.
