गुमला

बालू घाटों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूर्ण, अब बीडीओ को ग्राम सभा की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश

उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन), एनसीओआरडी, सड़क सुरक्षा तथा कारा सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में हुई. बैठक में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर नियंत्रण, मादक पदार्थों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा मंडल कारा की सुरक्षा एवं आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गयी.

जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा में उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा लगाये गये प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बावजूद सभी संभावित बालू घाटों एवं नदी क्षेत्रों में नियमित छापामारी अभियान चलाकर अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्रों में जिला टास्क फोर्स द्वारा संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई की जाये तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाये. वहीं जानकारी दी गयी कि जिलांतर्गत कैटेगरी-11 के 18 बालू घाटों (एक इकाई) की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की जा चुकी है. जिसपर उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को ग्राम सभा की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में बालू उपलब्धता की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके. इसके साथ ही उपायुक्त ने खनिज परिवहन में लगे वाहनों के परिवहन चालान, ओवरलोडिंग एवं सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करने तथा खनिजों को तिरपाल से ढंककर परिवहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने सभी वृहत खनिज (बॉक्साइट) एवं लघु खनिज (पत्थर) क्षेत्रों में समाप्त खनन पट्टों तथा चालू पट्टाक्षेत्र से बाहर होने वाले अवैध खनन पर सतत निगरानी रखने को कहा. साथ ही खनन पट्टों एवं क्रशर इकाइयों की नियमित जांच कर बाउंड्री पिलर, साइन बोर्ड, क्रशर कवरिंग एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एनसीओआरडी की समीक्षा में उपायुक्त ने मादक पदार्थों के विरुद्ध जिले में व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही जिले के बाहर से आने वाले मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. कारा सुरक्षा समीक्षा में उपायुक्त ने मंडल कारा के नवनिर्मित भवनों को अविलंब हैंडओवर कराने का निर्देश दिया. साथ ही विस्तारित कारा खंड में बंदियों को स्थानांतरित करने से पूर्व सीसीटीवी कैमरा एवं इलेक्ट्रिक फेंसिंग की स्थापना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा.

इसके साथ ही मंडल कारा का समग्र सुरक्षा ऑडिट कराने का भी निर्णय लिया गया. सड़क सुरक्षा की समीक्षा में उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु व्यापक जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया. बैठक में गुमला-पलमा रोड एवं पटेल चौक से चंदाली तक सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने एनएच-78 के दुर्घटना संभावित स्थलों पर हाई मास्क लाइट लगाने, ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में साइनेज एवं रोड लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने करने का निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता राजीव नीरज सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *