वृद्ध की ईंट व पत्थर से कुचकर हत्या, गांव में सनसनी
भरनो थाना क्षेत्र के मारासिली गांव निवासी वृद्ध फकड़े उरांव (60) की अज्ञात लोगों ने ईंट व पत्थर से कुचकर हत्या कर दी. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची भरनो थाना की पुलिस ने वृद्ध के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. जानकारी के अनुसार गत सोमवार की रात मारासिली गांव में शादी समारोह था. फकड़े उरांव उसी शादी समारोह में शामिल होने गया था.
इसके बाद मंगलवार की सुबह में उसी के घर के कुछ दूरी पर ईंट व पत्थर से कुचला हुआ उसका शव बरामद हुआ. वृद्ध की ईंट व पत्थर से कुचकर हत्या की खबर से पूरे गांव में सनसनी है. लोग दबी जुबान से कई तरह की बातें कह रहे हैं. अंधविश्वास के कारण हत्या की आशंका जतायी जा रही है. इधर, पुलिस ने वृद्ध की हत्या की छानबीन शुरू कर दी है. खबर लिखे जाने तक वृद्ध की हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका था.
