झारखंड टी-20 का फाइनल : जेएससीए स्टेडियम में दोगुना दर्शक पहुंचे, मची भगदड़, कई घायल
जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रही झारखंड टी-20 लीग के अंतिम दिन फाइनल मैच में अव्यवस्था की पोल खुल गयी. इस आयोजन की जिम्मेवारी जेएसएसीए और एसजे अपलिफ्ट के पास थी. जेएससीए स्टेडियम में झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का फाइनल मैच शाम सात बजे शुरू हुआ था. मैच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी. लाइन में लगे दर्शकों की चेकिंग धीमी रहने से भीड़ पीछे से आती जा रही थी. अव्यवस्था देखकर दर्शक धीरे-धीरे आक्रोशित हो रहे थे. इसी बीच ठेला-ठेली और धक्का-मुक्की होने लगी. देखते-देखते भारी भगदड़ मच गयी और लोग इधर-उधर भागने लगे. बैरिकेडिंग भी टूट गयी. गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया. लोग चप्पल-जूता छोड़कर भागे.
इंट्री गेट पर चढ़ गये दर्शक
कुछ दर्शक स्टेडियम के इंट्री गेट पर भी चढ़ गये. भगदड़ में दो महिलाओं सहित करीब आठ लोग घायल हो गये. घायलों में एक को पारस अस्पताल, पांच को राज अस्पताल और दो को सदर एंबुलेंस से ले जाया गया. सदर अस्पताल में जो युवक भर्ती कराये गये, उनके नाम दुर्गेश और मनीषा सिंकू हैं. अचानक हुई भगदड़ से वह दोनों नीचे गिर गये थे, जिससे लोग उनके ऊपर चढ़ गये. राज अस्पताल के जीएम अरविंद कुमार ने कहा कि मौके पर से पांच लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है. इनमें तीन पुरुष और दो महिला मरीज हैं. एक महिला मरीज को पेट और आंत में गंभीर चोट लगी है.
वहीं, मरीजों की संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल से दो भी एंबुलेंस को जेएससीए स्टेडियम की ओर रवाना किया गया. डायल 108 से भी दो एंबुलेंस को गंतव्य की ओर रवाना किया गया. देर रात तक सूचना पाकर बड़ी संख्या में परिजन भी अस्पताल पहुंच गये और घायलों के बारे में जानकारी लेते रहे. घटनास्थल पर ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह सहित कई थानाप्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद थे.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैच में इंट्री फ्री थी, लेकिन आयोजक स्टेडियम के अंदर थे. उन लोगों को उम्मीद ही नहीं थी कि दर्शक इतनी बड़ी तादाद में आ जायेंगे. इस तरह की भीड़ वन डे मैच में देखने को मिलती है. उसमें उस तरह की व्यवस्था पुलिस प्रशासन करती है. लेकिन झारखंड टी-20 मैच में प्रशासनिक व्यवस्था भी उस तरह की नहीं थी. नतीजा आयोजकों की अव्यवस्था और सही प्रशासनिक व्यवस्था नहीं होने से भगदड़ मची. गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने संभाला मोर्चा
भगदड़ की घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस पर संज्ञान लिया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय करने का निर्देश दिया है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्टेडियम में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये. घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता देने के लिए एंबुलेंस तत्काल मौके पर भेजी गयी, जबकि अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ राहत व उपचार कार्य में जुटा हुआ है और सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ायी गयी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया. अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पाया गया. इसके बाद स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गयी.
