गुमला

इंद्र देव को मनाने निकलीं महिलाएं, अच्छी बारिश के लिए पीपल वृक्ष की पूजा

गुमला स्थित जारी प्रखंड के कमलपुर गांव की महिलाओं ने अच्छी बारिश की कामना एवं इन्द्रदेव को प्रसन्न करने के उद्देश्य से पीपल वृक्ष पर जल अर्पित कर पारंपरिक पूजा-अर्चना की. मानसून की देरी और खेती-किसानी पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए महिलाओं ने सामूहिक रूप से यह धार्मिक अनुष्ठान किया. इस दौरान महिलाओं ने पीपल वृक्ष की परिक्रमा की, कलश से जल अर्पित किया तथा इन्द्र देवता पानी बरसाओ, धरती मां की प्यास बुझाओ जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर अच्छी वर्षा की प्रार्थना की.

ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि पीपल वृक्ष में देवी-देवताओं का वास माना जाता है. उन्होंने कहा कि यदि समय पर बारिश नहीं हुई तो धान की रोपाई प्रभावित होगी और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. इसी विश्वास के साथ गांव की सभी महिलाएं एकजुट होकर इन्द्रदेव से समय पर अच्छी वर्षा की प्रार्थना कर रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि झारखंड में खरीफ फसल के लिये जून और जुलाई माह की वर्षा अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में किसान अब भी अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि खेती का कार्य समय पर शुरू हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *