गुमला

बोले शिशिर गुप्ता- वृक्ष जीवन का आधार है

विश्वभर में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, लगातार बढ़ते तापमान एवं प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के बीच पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से लायंस क्लब गुमला फैमिली द्वारा बुधवार को वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत किया गया. क्लब के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया. आम नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की. अध्यक्ष लायन शिशिर गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ. श्री गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती का सामना कर रही है. अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा, सूखा, बाढ़ और वायु प्रदूषण जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं. इन सभी समस्याओं का सबसे प्रभावी समाधान वृक्षारोपण है.

उन्होंने कहा कि पौधे लगाना एक दिन का कार्य है. लेकिन उनका संरक्षण करना हमारा वास्तविक दायित्व है. क्लब एडमिनिस्ट्रेटर लायन श्वेता गुप्ता ने कहा कि प्रकृति ने हमें जल, वायु और वन जैसे अमूल्य संसाधन दिए हैं. पर्यावरण संतुलन बनाये रखना जरूरी है. लायन तृप्ति केशरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है. बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है. लायन उज्जवल केशरी ने कहा कि वृक्ष हमारी संस्कृति और जीवन दोनों का अभिन्न हिस्सा हैं. वृक्ष न केवल हमें शुद्ध हवा देते हैं बल्कि पक्षियों और जीव-जंतुओं का भी आश्रय हैं.

क्लब के जनसंपर्क पदाधिकारी लायन कृष्णा ने कहा कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है. लायन सुबोध ने  सभी लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की. लायन रंजीत ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन को स्वस्थ और समृद्ध भी बनाते हैं. लायन अर्चना ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना कोई भी जनजागरूकता अभियान सफल नहीं हो सकता. लायन शिवानी ने कहा कि आज का पौधारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है. लायन दीपिका ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसर—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म अथवा अन्य पारिवारिक आयोजनों पर पौधारोपण को परंपरा बनाना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *