व्यवसायी को लूटने पहुंचे चार अपराधी, गोली चलायी, ग्रामीणों ने एक अपराधी को जमकर पीटा, पुलिस को सौंपा
गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित उमडा़ पंचायत के तिलैडीह गांव के व्यवसायी सुरेंद्र गोप को लूटने पहुंचे चार अपराधियों को ग्रामीणों ने घेरा. तीन अपराधी भाग गये. जबकि एक अपराधी को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और जमकर पीटा. घायल अपराधी अंकित सिंह बेहोश है. पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है. जबकि फरार तीन अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापामारी कर रही है.
बताया जा रहा है कि बुधवार की देर शाम सुरेंद्र के दुकान के पास दो पहिया वाहन से आये चार अपराधी लूटपाट करने के इरादे से दुकान घुसे और गोली चला दी. हालांकि गोली किसी को नहीं लगी. गोली की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की सक्रियता से एक अपराधी को पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जमकर पीटते हुए पालकोट पुलिस को सौंप दिया. इधर तीन अपराधी मौका देखकर भाग गये. सूचना पाकर पालकोट थाना के एसआइ विश्वजीत चेतन व एएसआइ सचिन टोप्पो के साथ दल बल तिलैडीह गांव जाकर मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं.
एक अपराधी जिसे पालकोट पुलिस के सहारे पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ईलाज के लिए लाया गया और बेहोश है. होश से पहले अपना नाम अंकित सिंह पिता रामविलास सिंह गांव अलकंकेरा बताया और बेहोश हो गया. पालकोट पुलिस सभी मामले में जांच पड़ताल कर रही है.
