गुमला

SIR in Gumla: कांग्रेस नेताओं ने किया एसआइआर कार्य का निरीक्षण, मिली खामियां

SIR in Gumla: रायडीह प्रखंड के सिकोई एवं परसा पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों का शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा, जिला कोऑर्डिनेटर अनिरुद्ध चौबे, रूपेश कुमार तथा प्रखंड अध्यक्ष स्माइल कुजूर ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर बीएलओ से मुलाकात की और गणना प्रपत्र भरने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान नेताओं ने पाया कि एसआइआर अभियान को सरल और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक बीएलओ के साथ एक शिक्षक को वोलेंटियर के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. लेकिन कई बूथों पर बीएलओ को यह तक जानकारी नहीं थी कि उनके साथ किस शिक्षक की ड्यूटी लगायी गयी है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि चुनाव आयोग ने एसआइआर अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक बीएलओ के साथ एक शिक्षक को वोलेंटियर के रूप में लगाया है. लेकिन जमीनी स्तर पर इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है. प्रशासन को तत्काल समन्वय स्थापित कर इस व्यवस्था को प्रभावी बनाना चाहिए. ताकि मतदाता सत्यापन का कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके.

जिला कोऑर्डिनेटर अनिरुद्ध चौबे ने कहा कि निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई बीएलओ को एसआइआर की प्रक्रिया का पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिला है. प्रशिक्षण की कमी और समन्वय के अभाव के कारण फॉर्म भरने में समय लग रहा है और आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. उन्होंने प्रशासन से बीएलओ एवं वोलेंटियर शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने तथा आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की. ताकि अभियान को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *