बड़े सपने देखिये और उसे पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम भी कीजिये : फादर एल्फिज
बड़े सपने देखिये और उस सपने को पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम भी कीजिये. मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें तथा अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान दें. जिस प्रकार सही सामग्री, धैर्य और मेहनत से स्वादिष्ट भोजन बनता है. उसी प्रकार जीवन में सफलता भी ज्ञान, अनुशासन, परिश्रम और अच्छे चरित्र से मिलती है. उक्त बातें एराउज गुमला के निदेशक फादर एल्फिज केरकेट्टा ने शनिवार को संत पात्रिक स्कूल में कही. वे संत पात्रिक स्कूल गुमला में आयोजित स्वागत सह सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. उन्होंने फ्रेशर्स डे के शुभ अवसर पर कक्षा 11वीं के सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करते हुए बोर्ड परीक्षा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दिया.
उन्होंने कहा कि कक्षा 11 आपके जीवन की एक नई शुरुआत है. यह समय अधिक मेहनत, अनुशासन, समय के सदुपयोग और जिम्मेदारी का है. आप कभी भी अपनी तुलना दूसरों से नहीं करें. अपनी प्रतिभा को पहचानें, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करें. अच्छे मित्र चुनें और प्रतिदिन स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करें. सफलता मिलने पर विनम्र रहें और असफलता मिलने पर निराश न हों, क्योंकि एक परीक्षा पूरे जीवन का निर्णय नहीं करती. उन्होंने कहा कि आज यह संकल्प लें कि हर दिन कुछ नया सीखेंगे. अपने समय का सदुपयोग करेंगे. एक अच्छे इंसान बनेंगे और अपने परिवार, विद्यालय तथा देश का नाम रोशन करेंगे. प्रधानाध्यापक फादर नबोर मिंज ने 11वीं में नवनामांकित विद्यार्थियों का स्वागत किया और सम्मानित होने वाले टॉपर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अनुशासन का पाठ पढ़ाया और सफलता प्राप्त करने के लिए कई टिप्स दिये.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन बहुत ही अमूल्य होता है और यह समय आपके बेहतर भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है. यदि इस समय का सदुपयोग कर लिये तो आपको सफलता और अपना लक्ष्य प्राप्त करने में आसानी होगी. उन्होंने कहा कि यहां शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक या परीक्षाओं में सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास करना है. विद्यालय का लक्ष्य ऐसे युवाओं का निर्माण करना है, जो बौद्धिक, नैतिक और सामाजिक रूप से सक्षम, दृढ़ व उत्तरदायी तथा दूसरों के प्रति संवेदनशील व करुणामय हो. वहीं समारोह में मैट्रिक व इंटरमीडियेट की परीक्षा में स्कूल से टॉपर फाइव विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इससे विद्यालय स्कूल के अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती दी गयी.
