गुमला में चार लोगों की मौत : हत्या, आत्महत्या, हादसा और कुएं में डूबने से गयी जान
गुमला में 24 घंटे में चार लोगों की मौत हुई है. हत्या, आत्महत्या, हादसा और कुएं में डूबने से जान गयी है. पुलिस ने चारों मामले में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया. पति द्वारा पत्नी की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं प्रेम प्रसंग में युवती की आत्महत्या मामले में पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लिया है.
पति ने डंडे से पीटकर पत्नी को मार डाला
डुमरी थाना क्षेत्र के रतासिल्ली बैगाटोली में घरेलू विवाद में पति ने अपनी पत्नी को लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना शुक्रवार की रात की है. शनिवार की सुबह को सूचना मिलने पर डुमरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. मृतका का नाम शांति देवी (45 वर्ष) है. जबकि आरोपी पति बिरसपति नगेसिया (50 वर्ष) है. मृतका के सौतेले पुत्र रामशरण नगेसिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग घर में रहता है. उसकी सौतेली मां शांति देवी अपने पति बिरसपति नगेसिया और अन्य बच्चों के साथ अलग घर में रहती थीं. मृतका शुक्रवार को डुमरी बाजार गयी थीं और शाम को घर लौटी थीं. शनिवार की सुबह उसे जानकारी मिली कि उसकी मां की हत्या कर दी गयी है. जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसकी मां घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं. आगे बताया कि जब उसने अपनी सौतेली बहन से घटना के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसके पिता बिरसपति नगेसिया शुक्रवार की रात शराब के नशे में घर पहुंचा था. रात करीब 10 बजे उन्होंने शांति देवी को जमीन पर गिराकर लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
कुएं में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत
गुमला सदर प्रखंड के टोटो थाना क्षेत्र अंतर्गत कानाटोली गांव में सड़क किनारे बने एक कुएं में गिरने से 68 वर्षीय बुधनी उरांइन की पानी में डूबने से मौत हो गयी. इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में कोहराम मच गया है. मृतिका के पुत्र पहना उरांव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे बुधनी उराइन दुकान से सामान लेने गयी थी. लौटने के दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गयी. रात में इस बात की भनक किसी को नहीं लगी. शनिवार सुबह करीब सात बजे जब ग्रामीण कुएं पर पानी भरने गए, तब उन्होंने शव को तैरता हुआ देखा. बेटे ने आशंका जतायी है कि मृतिका शराब पीने की आदी थीं और शायद नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना के एसआइ गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गयी है.
गाड़ी की चपेट में आने से ईंट-भट्टा मजदूर की मौत
पालकोट थाना के बंगरू गांव के रहने वाले 30 वर्षीय युवक बुधना केरकेट्टा की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी. घटना शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे की है, जब बुधना अपने दोस्तों के साथ पालकोट स्थित ईंट-भट्टे से काम खत्म कर घर लौट रहा था. इसी बीच रक्तपानी गांव के पास उसने दोस्तों से आगे बढ़ने को कहा और खुद शौच के लिये रुक गया. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उसे रौंदते हुए फरार हो गया. जब बुधना काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो उसका दोस्त बिरसा खड़िया उसे ढूंढते हुए पीछे आया. वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गये. बुधना लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था. दोस्तों ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों और पालकोट थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर अज्ञात वाहन को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चालक वाहन समेत भागने में सफल रहा. शनिवार की सुबह थाना पहुंचे मृतक के परिजनों और दोस्तों ने रोते हुए बताया कि बुधना के छोटे-छोटे बच्चे हैं. आगामी रथयात्रा के त्योहार को देखते हुए वह बच्चों के लिये कपड़े और घर के खर्च के पैसे कमाने पालकोट आया था. जहां वह ईंट-भट्टे के ट्रैक्टर में मजदूरी का काम करता था. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है, और फरार वाहन की तलाश में जुट गयी है.
सिसई में 19 वर्षीय युवती ने पेड़ से लटककर की आत्महत्या, प्रेमी पर केस दर्ज, पुलिस ने लिया हिरासत में
गुमला स्थित सिसई थाना के थाना रोड में शुक्रवार की देर रात किशुन उरांव की 19 वर्षीय पुत्री ज्योति उरांव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है. थाना में केस दर्ज भी कर लिया गया है. पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. ज्योति उरांव की आत्महत्या की घटना की जानकारी शनिवार की सुबह उस समय हुई. जब मृतका की मां शौच के लिये घर के पीछे स्थित खेत की ओर जा रही थीं. इसी दौरान उन्होंने ज्योति को घर के पास ही एक कटहल के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा. मां के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे नीचे उतारा. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे. रात करीब 11 बजे घर लौटने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गये. परिजनों के अनुसार, उस समय ज्योति बिल्कुल सामान्य स्थिति में लग रही थी. देर रात वह कब चुपचाप घर से बाहर निकली और आत्महत्या की. इसकी भनक परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं लग पायी.
