गुमला

गुमला के बसिया में आसमानी बिजली बनी काल, दो लोगों की गई जान

गुमला के बसिया अनुमंडल क्षेत्र में शुक्रवार को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्ध और एक युवती की मौत हो गयी. पहली घटना गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र स्थित छारदा गांव की है. जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय शिवव्रत गोप सुबह अपने मवेशियों को चराने के लिये घर से कुछ दूरी पर गया था. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिये वे एक पीपल के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया. घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल सिसई ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

वहीं दूसरी घटना बसिया थाना के महाराजगंज गांव की है. जहां 24 वर्षीय सुजीता कुमारी शकरकंद की फसल लगाने के लिये अपने खेत गयी थी. इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गयी. परिजन उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतका के पति हरि बड़ाइक ने बताया कि उनकी पत्नी अपने पीछे दो वर्षीय पुत्र अनुराग बड़ाइक को छोड़ गयी है. उन्होंने जिला प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *