राजनीति

बोले सांसद सुखदेव भगत- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषियों को मिले कड़ी सजा

देश भर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच रविवार को रांची के मोराबादी स्थित बाबू वाटिका से युवा कांग्रेस ने छात्रों की गूंज अभियान के तहत विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया. इस दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया और पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. कार्यक्रम में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मैराथन दौड़ को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा का पेपर लीक होना देश के लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं के सपनों पर सीधा प्रहार है. वर्षों की मेहनत और संघर्ष को भ्रष्ट व्यवस्था ने क्षणभर में झकझोर दिया है.

सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती. छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी.

सांसद ने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य छात्रों के हाथों में है और उनके अधिकारों की रक्षा करना हर जिम्मेदार सरकार का कर्तव्य है. युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु ने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य सरकार तक छात्रों की पीड़ा पहुंचाना और नीट पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करना है.

उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा. इसके बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु, सांसद सुखदेव भगत, मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की, पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सुबोध कांत सहाय तथा विधायक विकास कोंगाड़ी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ को रवाना किया. मैराथन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने भाग लिया. इस दौरान पेपर लीक बंद करो, छात्रों के साथ न्याय करो और शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ जैसे नारों से पूरा मोराबादी गूंज उठा.

कार्यक्रम में रांची नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. किरण महतो, दीपू सिन्हा सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *