भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गुमला में तेली छात्रावास का लोकार्पण किया
छोटा नागपुरिया तेली उत्थान समाज (सीटीयूएस) गुमला द्वारा समाज के छात्रों के लिए समर्पित तेली छात्रावास का लोकार्पण समारोह मंगलवार को हुआ. तेली छात्रावास के भवन में आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत व पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया. मौके पर मुख्य अतिथि आदित्य साहू ने कहा कि तेली समाज का यह छात्रावास भविष्य में छात्रों को उज्जवल भविष्य बनाने में बहुत मददगार होगा. प्रत्येक समाज को अपने विकास के लिए इस तरह का काम करना चाहिये.
उन्होंने भवन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया. साथ ही भविष्य में अपने मद से एक पुस्तकालय एवं छात्रावास अधीक्षक के लिए एक क्वार्टर बनवाने की भी बात कही. उन्होंने अपने संबोधन में समाज को एक अच्छा विद्यालय भी चलाने का सुझाव दिया. इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान हालात अभी बहुत अच्छी नहीं है. जनता यहां आज असुरक्षा की स्थिति में जी रही है. कार्यक्रम को पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, समाज के संरक्षक हीरा साहू, मुनेश्वर साहू, रिपुसुदन साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और सामाजिक एकजुटता और शिक्षा के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम का संचालन विजय साहू व धन्यवाद ज्ञापन युवा अध्यक्ष कौशल साहू ने किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिप अध्यक्ष किरण बाड़ा, उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, समाजसेवी सह भाजपा नेता विनय लाल, निर्मल गोयल, वार्ड पार्षद शैल मिश्रा, राधा मोहन साहू, मुनेश्वर साहू, श्याम सुंदर साहू, भूपन साहू, लीलांबर साहू, धृत किशोर साहू, दीपक साहू, किशोर साहू, साबी देवी, अंकित साहू, अंजना साहू, बसंती साहू, देवंती साहू, प्रमिला देवी, सुदेश साहू, तेजमोहन साहू, सुरेंद्र साहू, बिंदेश्वर साहू, शिव नारायण साहू, उपेंद्र साहू, मीना देवी, शकुंतला देवी, लोक गायक महावीर साहू, खुशी कुमारी, रिंपल साहू, मुनी देवी, अंजना साहू, कौशल्या देवी, कौशल साहू सहित काफी संख्या में समाज के लोग शामिल थे.
हमें अपने हक व अधिकार के लिए लड़ाई लड़ते रहना है : कलिंद्र साहू
जिलाध्यक्ष कलिंद्र साहू ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि दुनिया में दो दान सबसे बड़ा दान है. एक दान कन्या दान और एक दान विद्या दान है. खुशी की बात है कि ये दोनों दान हमारे समाज द्वारा किया जा रहा है. जिलाध्यक्ष ने पांच जिलों में सरकार द्वारा समाज के लोगों का आरक्षण शून्य किये जाने पर चिंता जाहिर किया और अपने हक व अधिकार के लिए लड़ाई लड़ते रहने के लिए प्रेरित किया.
पालकोट के दिगंबर ने 10 डिसमिल जमीन दान देने की घोषणा की
कार्यक्रम में पालकोट प्रखंड के दिगंबर साहू ने अपनी 10 डिसमिल जमीन समाज को पालकोट प्रखंड में दान में देने की घोषणा की. श्री साहू की इस घोषणा का कार्यक्रम में शामिल अतिथियों व लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया. श्री साहू को समाज द्वारा सम्मानित किया गया. इसके साथ ही झारखंड युवा आईकॉन का रनरअप रही गुमला की प्रीति कुमारी को भी सम्मनित किया गया.
