गुमला

ग्राउंड रिपोर्ट: जर्जर सड़क, जलजमाव और बेहाल जनता की कहानी, देखें VIDEO

“थूक में सत्तू सानने” वाली कहावत इन दिनों गुमला नगर परिषद पर बिल्कुल फिट बैठती है. शहर की सड़कें ऐसी टूटीं कि गड्ढे नहीं, पूरे तालाब बन गए. जब जनता ने सवाल उठाए तो रातों-रात लाखों रुपये खर्च कर मरम्मत का ड्रामा कर दिया. लेकिन कमाल देखिए, सुबह होते-होते सड़क फिर तालाब में बदल गई. लगता है मरम्मत जनता को राहत देने के लिए नहीं, सिर्फ कागजों में विकास दिखाने के लिए की गई थी.

लोगों ने दो टूक कहा है. सड़क मरम्मत के नाम पर थूक में सत्तू सान निकल गया नगर परिषद. अब परेशानी जनता झेल रही है. कई ऐसी मुख्य सड़कें हैं जो चलने लायक नहीं है. सड़क एक से दो फीट गडढा हो गया है और उसमें पानी जमा हो गया है. हालांकि, लोगों की शिकायत के बाद नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव व उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने जर्जर सड़कों का जायजा लिया. सड़क की स्थिति को देखा. लोगों से बात की. सड़क की मरम्मत कैसे हुई है. इसकी भी जांच की.

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने सड़क की स्थिति पर चिंता प्रकट की. साथ ही सड़क की मरम्मत के नाम पर की गयी खानापूर्ति पर भी सवाल खड़ा किये. हालांकि, गुमला मिरर से बात करते हुए अध्यक्ष ने कहा है कि कुछ दिन पहले बोर्ड की बैठक में डीएसपी रोड की सड़क की स्वीकृति हो गयी है. बरसात के बाद सड़क बनेगी. लोगों को परेशानी होने नहीं दिया जायेगा. इधर, उपाध्यक्ष ने कहा है कि जबतक नयी सड़‍क नहीं बनती है. तबतक जर्जर सड़कों पर मिटटी मोरम डालकर सड़क की मरम्मत होगी. ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी.

डीएसपी रोड रानी सती मंदिर के समीप

गुमला शहर की डीएसपी रोड रानी सती मंदिर के समीप कुछ दिन पहले जर्जर सड़क की मरम्मत हुई. लेकिन जैसे तैसे सड़क की मरम्मत की गयी. साथ ही यहां जहां सड़क टूटी हुई थी. वहां मरम्मत का काम नहीं हुआ. जिससे अभी भी डीएसपी रोड रानी सती मंदिर के समीप की सड़क तालाब बनी हुई है और लोगों को परेशानी हो रही है.

श्रीबड़ा दुर्गा मंदिर के समीप की सड़क

यहां, श्रीबड़ा दुर्गा मंदिर के समीप की सड़क की मरम्मत रात के अंधेरे में तीन दिन पहले की गयी. लोगों ने कहा कि रात 11 बजे अचानक यहां मरम्मत का काम किया गया. परंतु, हाल देख सकते हैं कि सड़क टूटकर पुन: जलजमाव में तब्दील हो गया है. लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है. लोगों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष से सड़क बनाने की मांग की.

टंगरा स्कूल के समीप बन गया तालाब

नेशनल हाइवे-78 से सटकर टंगरा स्कूल है. ठीक स्कूल के समीप सड़क है. परंतु यहां सड़क तालाब बन गयी है. आसपास दुकान लगाने वाले परेशान हैं. सोमवार को कुछ लोग पानी निकासी करने का प्रयास किया. परंतु वहां नाली नहीं रहने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी. लोगों ने कहा कि यहां डेढ़‍ फीट गडढा है और तालाब बन गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *