खेत में मोटर लगाते समय करंट लगने से किसान की मौत
गुमला सदर थाना क्षेत्र के तेलगांव निवासी 50 वर्षीय फिरंगी साहू की सोमवार को खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कम बारिश होने के कारण उनके खेत में लगा बिचड़ा सूखने लगा था. इसे बचाने के लिये फिरंगी साहू सोमवार सुबह अपने खेत पहुंचे और सिंचाई के लिये पानी की व्यवस्था करने लगे. दिन के करीब 10:30 बजे वह मोटर पंप लगा रहे थे, तभी अचानक बिजली की चपेट में आ गये और उन्हें जोरदार करंट लग गया.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने खेतों में विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
