गुमला

घर से मिला अधेड़ का शव, परिवार बोला- यह हत्या है

गुमला सदर थाना क्षेत्र के चेटर बस्ती के शांति नगर में 40 वर्षीय डबलू गोप की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गयी. सोमवार की सुबह एक घर से उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक के सिर और कान से खून बह रहा था, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है. जानकारी के अनुसार, डब्लू गोप रविवार शाम करीब छह बजे तक अपने खेत में काम कर रहा था. इसके बाद वह शांति नगर की ओर हडिया शराब पीने चला गया. रात में वह वहीं रुका रहा.

मृतक के भाई अनिल गोप ने बताया कि रात में वहां से फोन आया था और कहा गया कि आपका आदमी यहीं गिर गया है, उसे उठाकर ले जाइये. हालांकि रात में कोई उसे लेने नहीं गया. सोमवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि डब्लू गोप के सिर और कान से खून निकल रहा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *