गुमला

बैंक ऑफ इंडिया के री-केवाईसी के लिए उमड़े खाताधारक, चैनपुर कैंप में 218 फॉर्म हुए जमा

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर (गुमला) : बैंक ऑफ इंडिया  रांची अंचल के तत्वावधान में शुक्रवार को चैनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय विशेष ग्राहक री-केवाईसी (Re-KYC) शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उनके ही इलाके में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनके लंबित केवाईसी दस्तावेजों को अपडेट करना था. शिविर में सुबह 10:00 बजे से ही खाताधारकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. दिनभर चले इस विशेष अभियान के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता से कुल 218 खाताधारकों के री-केवाईसी फॉर्म सफलतापूर्वक जमा किए गए. स्थानीय स्तर पर दी गई सुविधाएंअक्सर ग्रामीणों को अपने बैंक खातों का केवाईसी अपडेट कराने के लिए मुख्य शाखा के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था.

खाताधारकों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए बैंक ऑफ इंडिया चैनपुर शाखा द्वारा प्रखंड परिसर में ही इस विशेष कैंप का आयोजन किया गया. शिविर में बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के गांवों से आए किसानों को प्राथमिकता देते हुए उनके फॉर्म जमा कराए गए.

शाखा प्रबंधक ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

शिविर के सफल संचालन के दौरान बैंक ऑफ इंडिया चैनपुर के शाखा प्रबंधक ने मौजूद ग्राहकों को संबोधित करते हुए री-केवाईसी के महत्व के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के नियमों के अनुसार खातों को सुरक्षित और सक्रिय रखने के लिए समय-समय पर केवाईसी अपडेट करना अनिवार्य है. यदि खाताधारक ऐसा नहीं करते हैं, तो उनके खातों से होने वाले लेन-देन पर रोक लग सकती है, जिससे सरकारी योजनाओं की राशि या पेंशन आने में रुकावट आ सकती है।शाखा प्रबंधक ने आगे बताया कि इस शिविर के माध्यम से एक ही छत के नीचे ग्राहकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, ताकि भविष्य में उन्हें किसी भी तरह की बैंकिंग असुविधा का सामना न करना पड़े. उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों से सावधान रहने की भी अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *