गुमला : डीएसपी रोड निर्माण में बड़ा बदलाव! नगर परिषद की जगह अब एमआई संभालेगी जिम्मेदारी
गुमला शहर के रिहायशी इलाका डीएसपी रोड की सड़क बनेगी. इसके लिए लघु सिंचाई विभाग (एमआइ) ने ई-टेंडर निकाला है. एक करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क व ड्रेन का निर्माण होगा. अभी बारिश है. अगस्त माह में टेंडर फाइनल होगा. इसके बाद दिसंबर माह के अंतिम तक सड़क पूरी करनी है. यहां बता दें कि डीएसपी रोड की सड़क जर्जर है. गुमला मिरर ने सड़क का मुददा उठाया है. सड़क की जर्जर स्थिति की खबर चलने के बाद नगर परिषद ने आनन फानन में कुछ जगह मरम्मत करायी. जिसपर लोगों ने सवाल खड़ा किया. साथ ही नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने भी सड़क मरम्मत की जांच की. उन्होंने भी जांच पर सवाल खड़ा किये थे.
इधर, सड़क की स्थिति को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारी के निर्देश पर डीएसपी रोड की सड़क को नये सिरे से बनाने की जिम्मेवारी लघु सिंचाई विभाग गुमला को दी गयी है. हालांकि, यह सड़क गुमला शहर में होने के कारण नगर परिषद गुमला के अधीन है. परंतु, लगातार विवादों और घपले घोटालों के आरोप के कारण सुर्खियों में रहने वाले नगर परिषद को डीएसपी रोड की सड़क बनाने की जिम्मेवारी नहीं दी गयी. हालांकि, नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव व उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने गुमला उपायुक्त को पत्र लिखकर डीएसपी रोड की सड़क को बनाने की जिम्मेवारी नगर परिषद को देने की मांग की है. जिससे सड़क मजबूत बन सके. परंतु, डीएसपी रोड की सड़क जिस प्रकार सुर्खियों में रहा है और नगर परिषद यहां की समस्या दूर करने में नाकाम रहा है. इस कारण सड़क बनाने का जिम्मा एमआइ को दिया गया.
एक साथ दो फेज में बनेगी सड़क
डीएसपी रोड की सड़क एक साथ दो फेज में बनेगी. इसके लिए दो अलग-अलग टेंडर निकाला गया है. एमआइ द्वारा एक करोड़ 27 लाख रुपये से इस सड़क पर आरसीसी ड्रेन और पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जायेगा. विभाग ने इसके लिए ई-आमंत्रित की है. दो फेज में बनने वाले यह योजना जशपुर रोड से मधुबन होटल तक सड़क के एक तरफ कवर सहित आरसीसी ड्रेन का निर्माण होगा. इसके लिए 61 लाख 36 हजार 490 रुपये लागत रखी गयी है. वहीं मधुबन होटल से पालकोट रोड तक के इस हिस्से में कवर सहित आरसीसी ड्रेन के साथ-साथ पीसीसी सड़क बनेगी. इसके लिए 66 लाख पांच हजार 613 रुपये लागत रखी गयी है.
डीएसपी रोड का इलाका नगर परिषद के अधीन आता है. इसलिए इस सड़क को बनाने की जिम्मेवारी नगर परिषद को मिलनी चाहिए. इसके लिए गुमला उपायुक्त से डीएसपी रोड की सड़क को नगर परिषद को बनाने की जिम्मेवारी देने की मांग की गयी है. चूंकि, पूर्व में इस सड़क को दूसरे विभाग से बनाया गया था. जिसकी गुणवत्ता ठीक नहीं थी और आज भी डीएसपी रोड में सड़क व नाली के कारण जलजमाव की समस्या बनी हुई है.
रमेश कुमार, उपाध्यक्ष, नप
