गुमला

Video : ‘पापा, खाता नंबर भेज दीजिए…’ आखिरी बार यही बोला, फिर दुबई में गायब हो गया गुमला का बेटा

गुमला के सिसई प्रखंड के नगर कुसुम टोली गांव का 23 वर्षीय उदय गोप दुबई से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है. आखिरी बार उसने अपने पिता को फोन कर कहा था, “पापा, खाता नंबर भेज दीजिए, कुछ पैसा डाल देंगे.” इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है. उदय ने गुरुकुल से टाइल्स मिस्त्री का प्रशिक्षण लिया था. नौकरी मिलने पर वह 17 मई को शोभा कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने के लिए दुबई गया था. परिवार उसकी सलामती को लेकर बेहद चिंतित है. वह चैनपुर के नीरज कुजूर के साथ दुबई रवाना हुआ. गुरुकुल की ओर से वीजा, पासपोर्ट और हवाई टिकट की व्यवस्था करायी गयी थी.

दो जुलाई की सुबह करीब चार बजे उदय ने अपने पिता को फोन किया. उसने कहा, “पापा, अपना बैंक खाता नंबर भेज दीजिए. पहली तनख्वाह मिली है. घर पैसे भेजने हैं. लेकिन यह खुशी कुछ ही घंटों की मेहमान निकली. दोपहर तक खाते में पैसे नहीं आये. पिता ने बेटे को फोन किया. लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला. उन्हें लगा शायद नेटवर्क की समस्या होगी. शाम हुई, फिर रात हुई, लेकिन बेटे का कोई फोन नहीं आया. अगले दिन भी यही सिलसिला रहा. एक-एक दिन बीतता गया और हर बार मोबाइल बंद मिलता रहा. लगातार संपर्क नहीं होने पर परिवार की बेचैनी बढ़ती गयी. तभी दुबई में मौजूद उदय के मामा दीपेश्वर गोप ने सूचना दी कि उदय कई दिनों से लापता है. परिजनों के अनुसार, उदय के साथ गये नीरज कुजूर ने कंपनी को उसका मोबाइल फोन और आइडी कार्ड जमा कर दिया और बताया कि उदय उसे मोबाइल व आइडी देकर शौच के लिए गया था. लेकिन फिर वापस नहीं लौटा.

गुरुकुल भी नहीं दे पा रहा जवाब

शुक्रवार को परिजन सिलम स्थित गुरुकुल पहुंचे. जहां से उदय को दुबई भेजा गया था. परिवार ने पूरी जानकारी लेने की कोशिश की. लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. गुरुकुल द्वारा कंपनी से संपर्क करने पर बताया गया कि उदय को “भगोड़ा” घोषित कर दिया गया है. इस जवाब ने परिवार के जख्म और गहरे कर दिये. आखिर जो युवक पहली तनख्वाह घर भेजने की बात कर रहा था. वह अचानक बिना किसी सूचना के कैसे गायब हो सकता है. परिवार इसे मानने को तैयार नहीं है.

पिता ने लगाई सरकार से गुहार

बेटे की तस्वीर हाथ में लिए पिता अमर गोप की आंखें हर वक्त नम रहती हैं. पिता ने कहा कि मुझे शक है कि मेरा बेटा किसी साजिश का शिकार हुआ है. सरकार मेरी मदद करे. बस मेरा बेटा मिल जाये. परिवार ने उपायुक्त, संबंधित थानों और प्रशासन से गुहार लगायी है. लेकिन अब तक उदय का कोई सुराग नहीं मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *