Video : .गुमला के टावर चौक में बीजेपी vs जेएमएम
Video : गुमला: शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल शहीद चौक (टावर चौक) पर बने पुलिस शेड को हटाए जाने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है. शेड तोड़कर वहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी को लेकर भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आमने-सामने आ गए हैं.
गुरुवार को जैसे ही पुलिस शेड तोड़े जाने की खबर फैली, भाजपा नेता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. वहां पहले से मौजूद झामुमो कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस शुरू हो गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप किए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.
बढ़ते विवाद को देखते हुए नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की और फिलहाल वहां चल रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने का निर्देश दिया. इसके बाद मामला कुछ शांत हुआ, लेकिन इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है.अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम और इस विवाद के समाधान पर टिकी हुई है.
